जयंत पाटिल से बातचीत को संदर्भ से अलग दिखाया गया :मुंबई भाजपा अध्यक्ष का दावा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-07-2026
Conversation with Jayant Patil shown out of context, claims Mumbai BJP president
Conversation with Jayant Patil shown out of context, claims Mumbai BJP president

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मुंबई इकाई के अध्यक्ष अमित साटम को मॉनसून से जुड़ी मौतों पर अपनी टिप्पणी के लिए विपक्ष की आलोचना का सामना करना पड़ा।
 
उन्होंने मंगलवार को कहा कि एक टीवी चैनल ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) नेता जयंत पाटिल के साथ उनकी बातचीत को संदर्भ से अलग दिखाया। उन्हें एक वायरल वीडियो में इन दुखद घटनाओं के बारे में बात करने के दौरान मुस्कुराते हुए देखा गया था।
 
साटम ने राज्य विधानसभा को बताया कि विधान भवन की सीढ़ियों पर पाटिल के साथ उनकी बातचीत का वीडियो क्लिप वायरल हो गया था, जिससे गलतफहमी पैदा हुई।
 
सदन में यह मुद्दा उठाते हुए साटम ने कहा कि वह मीडिया से बात कर रहे थे और पाटिल पास ही मौजूद थे। उन्होंने कहा कि दोनों बिल्कुल अलग विषय पर चर्चा कर रहे थे।
 
साटम ने कहा कि पाटिल और उन्होंने बस अभिवादन किया और इसके बाद पाटिल वहां से चले गए, लेकिन बातचीत का एक छोटा सा हिस्सा वायरल हो गया।
 
साटम ने कहा, ‘‘संदर्भ पूरी तरह से बदल दिया गया था। एक टेलीविजन चैनल ने केवल उस छोटे से हिस्से को निकालकर दिखाया। हो सकता है कि यहां मौजूद कई सदस्यों ने भी वह क्लिप देखी हो।’’
 
उन्होंने जोर देकर कहा कि वीडियो दोनों नेताओं के बीच हुई असल बातचीत को नहीं दिखाता है।
 
साटम ने कहा कि वह मुंबई में बारिश से जुड़ी मौत के मामलों पर नहीं हंसे थे, जैसा कि विपक्ष का दावा है।