आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को केरल के वायनाड जिले में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया जहां आज मनंतवाडी और वैथिरी इलाकों में बहुत भारी बारिश हुई।
वायनाड में कल्लाडी सुरंग परियोजना स्थल पर सुबह करीब 11 बजे भूस्खलन होने के बाद दोपहर 12.30 बजे यह अलर्ट जारी किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पड़ोसी कोझिकोड जिले में भी ‘रेड अलर्ट’ जारी किया जबकि राज्य के मलप्पुरम, कन्नूर और कासरगोड जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया।
आज मनंतवाडी इलाके में 64 मिलीमीटर (मिमी) और वैथिरी में 123 मिमी बारिश हुई।
‘रेड अलर्ट’ का मतलब है 24 घंटे में 204 मिमी से ज्यादा बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है, ‘ऑरेंज अलर्ट’ का मतलब है 115 मिमी से 204 मिमी के बीच बहुत भारी बारिश होने की संभावना है और ‘येलो अलर्ट’ का मतलब है 64 मिमी से 115 मिमी के बीच भारी बारिश हो सकती है।
मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने भूस्खलन में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है, जबकि सात लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सात अन्य लोग लापता हैं।
आस-पास के इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है।
सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि सुरंग परियोजना स्थल पर कोई मजदूर नहीं था और जिन लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है, वे इंजीनियर और सुरक्षा कर्मी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर वहां काम चल रहा होता, तो यह और भी बड़ी त्रासदी होती।’’
भूस्खलन कल्लाडी में मीनाक्षी ब्रिज के पास हुआ, जहां मलप्पुरम और वायनाड जिलों को जोड़ने वाली सुरंग परियोजना का काम चल रहा है।
भूस्खलन के कारण वहां खड़ी एक निजी बस पास की नदी में बह गई और वहां आधी डूबी पड़ी रही। इसका इस्तेमाल मजदूरों को लाने-ले जाने के लिए किया जाता था।