Controversy erupts over playing of songs in support of SP MP at religious function, case filed
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के अतरौली क्षेत्र में एक धार्मिक समारोह के दौरान मैनपुरी से समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिंपल यादव के समर्थन में गाना बजाने को लेकर हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने पांच नामजद तथा 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि गत 10 सितंबर की रात अतरौली थाना क्षेत्र के रिया मऊ इलाके में जगदीश यादव नामक व्यक्ति के यहां भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित 'दधि उत्सव' कार्यक्रम में डीजे पर 'मैनपुरी ने साथ निभाया, डिंपल यादव जीत गयीं' गाना बजाया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में अपने कुछ साथियों के साथ मौजूद देशराज नामक व्यक्ति ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि कार्यक्रम में भगवान कृष्ण पर आधारित गाने बजाये जाएं और इसी को लेकर राजू यादव, दुर्गेश यादव, विवेक यादव, सचिन यादव और रितेश यादव ने उसे जातिसूचक अपशब्द कहे और मारपीट की।
सूत्रों के मुताबिक यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने कुछ महिलाओं के साथ भी मारपीट की है।
कोतवाल शिवाकांत पांडेय ने बताया कि इस मामले में राजू यादव, दुर्गेश यादव, विवेक यादव, सचिन यादव और रितेश यादव के खिलाफ नामजद तथा 40 अज्ञात लोगों के विरुद्ध रविवार की रात मुकदमा दर्ज करके कार्यवाही की गयी है।