आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने मंगलवार को कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को मांसपेशियों की क्षति हुई है और वह ‘बहुत दर्द’ में हैं लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल तब तक समाप्त करने से इनकार किया है जब तक सरकार बातचीत की पहल नहीं करती।
संगठन के प्रदर्शन को 25 दिन हो गए हैं वहीं वांगचुक का अनशन 17वें दिन में प्रवेश कर गया है
कॉजपा की ओर से जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, अनशन शुरू करने के बाद से वांगचुक का वजन 8.5 किलोग्राम कम हो चुका है। उनका रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) 109/70 मिमी एचजी दर्ज किया गया।
कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि वांगचुक की मांसपेशियां लगातार कमजोर हो रही हैं और वह ‘अत्यधिक पीड़ा’ में हैं।
दीपके ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ उनकी मांसपेशियां तेजी से कमजोर हो रही हैं और वह बेहद दर्द में हैं। मैंने भी अन्य लोगों की तरह उनसे अनशन समाप्त करने का अनुरोध किया, लेकिन उन्होंने शांत भाव से कहा-‘मुझसे अनशन खत्म करने के लिए मत कहिए, सरकार से पूछिए कि वह बातचीत क्यों नहीं करना चाहती’।’’
दीपके ने बताया कि आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने उन्हें फोन कर वांगचुक के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनकी स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की।