आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली में मंगलवार की सुबह गर्मी रही और न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम में सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक है।
पालम में न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक), लोधी रोड पर 31.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक), रिज में 29.3 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक) और आयानगर में 31.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक) रहा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन में सामान्यत: बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार सुबह नौ बजे दिल्ली में हवा की गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 150 दर्ज किया गया।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।