केंद्र को पूर्णकालिक शिक्षा मंत्री नियुक्त करना चाहिए,कोई भी इस लायक नहीं: पृथ्वीराज चव्हाण

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-08-2026
Centre should appoint a full-time education minister, no one is worthy of this: Prithviraj Chavan
Centre should appoint a full-time education minister, no one is worthy of this: Prithviraj Chavan

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अस्थायी प्रभार सौंपे जाने को महज एक 'कामचलाऊ व्यवस्था' करार दिया। उन्होंने केंद्र से राष्ट्रीय स्तर के एक ऐसे नेता को शिक्षा मंत्री नियुक्त करने का आग्रह किया जो ‘जेन जी’ से जुड़ सके और ‘बिगड़ी हुई’ व्यवस्था को ठीक कर सके।

‘जेन जी’ वे युवा हैं जिनका जन्म 1997 से 2012 के बीच हुआ।
 
चव्हाण ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि मौजूदा कैबिनेट का कोई भी सदस्य इस भूमिका के लिए उपयुक्त नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और ‘जेन जी’ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के इस पद के लिए दिल्ली जाने के कदम को स्वीकार नहीं करेंगे, क्योंकि राज्य में कई कोचिंग संस्थान राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के कथित पेपर लीक मामले में शामिल रहे हैं।
 
उन्होंने लिखा, ‘‘कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) और ‘जेन जी’ के ऐतिहासिक आंदोलन की पहली बड़ी कामयाबी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पद से हटना है-यह एक अहम मोड़ है। प्रधानमंत्री ने प्रह्लाद जोशी को अस्थायी प्रभार दिया है, जिनके पास पहले से ही तीन विभाग हैं और अब वे चौथा विभाग भी संभालेंगे।’’
 
चव्हाण ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से संसद के मानसून सत्र तक के लिए एक कामचलाऊ व्यवस्था है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री को जल्द ही एक पूर्णकालिक शिक्षा मंत्री का नाम तय करना होगा जो राष्ट्रीय स्तर का कोई ऐसा व्यक्ति हो ताकि वह ‘जेन जी’ से जुड़ सके, शिक्षा की बिगड़ी हुई व्यवस्था को ठीक कर सके और शिक्षा के लिए अधिक निधि की मांग कर सके। लेकिन मुझे मौजूदा कैबिनेट में ऐसा कोई व्यक्ति नहीं दिखता।’’
 
फडणवीस को इस भूमिका के लिए दिल्ली लाए जाने की अटकलों का जिक्र करते हुए चव्हाण ने कहा कि न तो ‘जेन जी’ और न ही कांग्रेस उन्हें स्वीकार करेगी।