Center should conduct an independent investigation into the allegations of SBI customers' data being leaked on the dark web: Rahim
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता एवं राज्यसभा सदस्य ए. ए. रहीम ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के ग्राहकों का डेटा कथित तौर पर डार्क वेब पर लीक होने की स्वतंत्र जांच कराने का केंद्र से आग्रह किया है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को लिखे पत्र में रहीम ने ग्राहकों की निजी जानकारी कथित तौर पर उजागर होने पर चिंता जताई जिसमें ग्राहकों के नाम, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, ईमेल और आवासीय पते, भारतीय स्टेट बैंक की शाखाओं का विवरण और ऋण संबंधी रिकॉर्ड शामिल हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि डेटा में संदिग्ध सेंधमारी से वित्तीय धोखाधड़ी का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक में साइबर सुरक्षा उपायों की पर्याप्तता पर भी सवाल उठाए।
रहीम ने पत्र में मंत्रालय से समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि डेटा कथित तौर पर उजागर होने के स्रोत और उसके दायरे का पता लगाया जा सके। उन्होंने एसबीआई को प्रभावित ग्राहकों को तत्काल सूचित करने और जोखिम का सामना कर रहे लोगों को सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश देने की भी मांग की।
उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में साइबर सुरक्षा उपायों की समीक्षा करने, खतरों का पता लगाने की व्यवस्था और डेटा तक पहुंच संबंधी नियंत्रण मजबूत करने तथा लापरवाही या सुरक्षा में चूक पाए जाने पर जवाबदेही तय करने का भी आह्वान किया।