भाजपा को अपने ‘गॉडफादर’ भागवत की सलाह माननी चाहिए : दीपके

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-08-2026
BJP should follow the advice of its 'godfather' Bhagwat: Deepak
BJP should follow the advice of its 'godfather' Bhagwat: Deepak

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संयोजक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को भाजपा से आग्रह किया कि वह अपने 'गॉडफादर' राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत की उस सलाह पर अमल करे जिसमें उन्होंने कहा था कि विरोध-प्रदर्शन कर रहे ‘जेन-जी’ के युवाओं को राष्ट्रविरोधी नहीं कहा जाना चाहिए।

दीपके ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके वैचारिक मार्गदर्शक आरएसएस के बीच तालमेल की कमी का भी दावा किया।
 
मुंबई में भागवत द्वारा ‘जेन-जी’ के साथ संवाद के एक दिन बाद पत्रकारों से बातचीत में दीपके ने कहा कि सत्तारूढ़ दल को आरएसएस प्रमुख की उस बात को स्वीकार करना चाहिए कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जंतर-मंतर पर हुआ युवाओं का आंदोलन उनकी जायज शिकायतों को लेकर था।
 
भागवत ने बृहस्पतिवार को ‘जेन-जी’ का खुलकर समर्थन करते हुए कहा था कि उनकी शिकायतें जायज हैं और उन्हें उनकी ईमानदारी पर भरोसा है। उन्होंने यह भी कहा था कि विरोध-प्रदर्शन करने से युवा ‘‘राष्ट्र विरोधी’’ नहीं हो जाते।
 
दीपके ने कहा कि मोहन भागवत का सबसे महत्वपूर्ण बयान यह था कि प्रदर्शन कर रहे युवाओं को राष्ट्रविरोधी नहीं कहा जाना चाहिए और उनकी समस्याएं जायज हैं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘पहले भाजपा अध्यक्ष ने हमें ‘वायरस’ कहा था और पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने हमें आतंकवादियों की ‘बी-टीम’ बताया था। अब उन्हें मोहन भागवत की बात सुननी चाहिए, क्योंकि वे भाजपा के मार्गदर्शक और ‘गॉडफादर’ हैं।’’
 
कॉजपा नेता ने दावा किया कि आरएसएस प्रमुख की बात की अनदेखी किया जाना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि भाजपा के रुख और भागवत के विचारों के बीच बिल्कुल भी तालमेल नहीं है, क्योंकि सत्तारूढ़ दल अब भी इसके विपरीत रुख अपनाए हुए है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘अगर वे अपने ही मार्गदर्शक की बात नहीं सुन रहे हैं, तो यह चिंता की बात है। यदि ऐसा है, तो भागवत को एक बार भाजपा से बात करनी चाहिए।’’
 
जंतर-मंतर आंदोलन से जुड़े सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का उल्लेख करते हुए दीपके ने उनकी गहन जांच कराने की मांग की।ो