आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने बुधवार को पश्चिम बंगाल में मध्याह्न भोजन में अंडों को शामिल नहीं किए जाने की खबरों को लेकर भाजपा पर निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया कि नई सरकार बच्चों को पोषण से वंचित कर रही है और राज्य में "शाकाहार थोपने" की कोशिश कर रही है।
पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार का पहला बजट पेश करते हुए कहा कि मध्याह्न भोजन योजना के तहत भोजन तैयार करने और उसके वितरण में इस्कॉन से सहयोग मिलने की उम्मीद है।
खबरों के अनुसार, इस्कॉन के नए मेन्यू में अंडों की जगह प्रोटीन के शाकाहार स्रोतों को शामिल किया जाएगा।
ओ'ब्रायन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "चुनाव प्रचार के दौरान मछली खाने को लेकर हुए तमाशे के बाद अब गुजरात जिमखाना का असली चेहरा सामने आ गया है। बंगाल में नई भाजपा सरकार काम पर लग गई है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ अंडों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ हथियार के रूप में किया जा रहा है, जबकि दूसरी तरफ स्कूलों के मध्याह्न भोजन से अंडे हटाकर बच्चों को उनसे मिलने वाले पोषण से वंचित किया जा रहा है।