BJD-JD(S) to hold padyatra from September 1 to 10 against 'Congress government's failure'
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने मंगलवार को बताया कि राज्य में कांग्रेस सरकार की कथित विफलताओं को उजागर करने के लिए पार्टी एक से 10 सितंबर तक रायचूर से बल्लारी तक 10 दिवसीय पदयात्रा निकालेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य मंत्रिमंडल में भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे बी नागेंद्र को शामिल किए जाने के अलावा किसानों की बदहाली, बेरोजगारी, आरक्षण के मुद्दों और भर्ती में भ्रष्टाचार के आरोपों को भी उठाएगी।
विजयेंद्र ने कहा कि करीब 200 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा एक सितंबर को रायचूर से शुरू होगी और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी इसका उद्घाटन करेंगे। पदयात्रा का समापन बल्लारी में होगा।
उन्होंने कहा कि जद(एस) भाजपा के नेतृत्व में होने वाली इस पदयात्रा को “पूरा समर्थन” देगी और उसके नेताओं के उद्घाटन तथा समापन कार्यक्रमों में शामिल होने की उम्मीद है।
विजयेंद्र ने कहा, “इस पदयात्रा का उद्देश्य इस जनविरोधी, गरीब-विरोधी, किसान-विरोधी, युवा-विरोधी और विकास-विरोधी कांग्रेस सरकार के असली रंग को उजागर करना तथा राज्य के लोगों को जागरूक करना है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा कर्नाटक राज्य महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम घोटाले में कथित भूमिका को लेकर नागेंद्र को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग भी पदयात्रा के दौरान उठाएगी।