Bengal: Jhalmuri was a big hit at the first swearing-in ceremony of the BJP government
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पिछले एक महीने से अधिक समय तक तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच कड़वी सियासी जंग का अप्रत्याशित प्रतीक बन चुकी झालमुड़ी की शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में राज्य की पहली भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भी धूम रही।
भाजपा की राज्य इकाई ने मध्य कोलकाता के विशाल ब्रिगेड परेड ग्राउंड इलाके में झालमुड़ी के 20 स्टॉल लगाए, जबकि कई स्वतंत्र विक्रेता भी आयोजन स्थल के पास अच्छा कारोबार करते हुए देखे गए।
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने आए सैकड़ों लोग मुरमुरे, हरी मिर्च और तरह-तरह के मसालों से बने इस स्वादिष्ट नाश्ते का स्वाद लेने के लिए स्टॉल पर उमड़ पड़े।
कोलकाता के दक्षिणी इलाके टॉलीगंज से शपथ ग्रहण समारोह देखने आई मंजरी बसु ने कहा, ‘‘चुनाव में हमारी शानदार जीत के कारण आज मुझे झालमुड़ी और भी ज्यादा पसंद आ रही है।’’
उत्तर 24 परगना के बैरकपुर के मनीष यादव ने हाथ में झालमुड़ी का एक पैकेट पकड़े हुए कहा कि भाजपा की ऐतिहासिक जीत के कारण इस नास्ते का स्वाद मसालेदार के बजाय मीठा लग रहा है।