Assam floods: Chief Minister Himanta briefed Home Minister Amit Shah on the situation
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राज्य में आई बाढ़ के बाद उठाए जा रहे कदमों और राहत कार्यों की जानकारी दी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण कार्यों के लिए केंद्र सरकार की ओर से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया है।
शर्मा ने रविवार देर रात ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज मैं नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिला और उन्हें असम बाढ़ राहत कार्यों के साथ-साथ राज्य से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर जानकारी दी।’’
उन्होंने कहा कि राज्य में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए गृह मंत्री लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज की बैठक में उन्होंने (शाह ने) ने भी माना कि बाढ़ से व्यापक पैमाने पर नुकसान हुआ है। उन्होंने पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए केंद्र सरकार के सहयोग का आश्वासन दिया।’’
राज्य में इस साल आई भीषण बाढ़ के कारण अब तक कम से कम 105 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि राज्य के चार पूर्वी जिलों में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है।