अन्नामलाई ने मयिलापुर में चुनाव प्रचार किया, नागरिक मुद्दों को लेकर द्रमुक को निशाना बनाया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-04-2026
Annamalai campaigns in Mylapore, targets DMK over civic issues
Annamalai campaigns in Mylapore, targets DMK over civic issues

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता के. अन्नामलाई ने तमिलनाडु विधानसभा के तहत 23 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए सोमवार को मयिलापुर निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार तमिलिसाई सुंदरराजन के समर्थन में प्रचार अभियान शुरू किया।

एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने द्रविड़ मुनेत्र कणगम (द्रमुक) सरकार पर चेन्नई के बुनियादी ढांचे, बाढ़ के जल की निकासी और अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित प्रमुख वादों को पूरा करने में "विफल" रहने का आरोप लगाया।
 
उन्होंने कहा, "द्रमुक ने राज्य के मछुआरों के लिए दो लाख घर बनाने का वादा किया था, जिनमें से 200 घर मायलापुर में बनाए जाने थे।"
 
उन्होंने कहा कि अभी तक यह परियोजना साकार नहीं हुई है।
 
अन्नामलाई ने यह भी आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के शासनकाल में गांजे की बिक्री में वृद्धि हुई है।
 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रविवार को मयिलापुर में हुए रोड शो का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि इसे लोगों का भरपूर समर्थन मिला।
 
अन्नामलाई ने विश्वास जताया कि राज्य में इस चुनाव में "कमल" खिलेगा।
 
अन्नामलाई ने यह भी दावा किया कि ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कणगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी शानदार जीत मिलने के बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनेंगे।