Amit Shah celebrates his 61st birthday; PM Modi, Nitish Kumar and other leaders extend their best wishes
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को 61 वर्ष के हो गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू सहित कई अन्य प्रमुख नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक संदेश में कहा कि शाह ने भारत के आंतरिक सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने और यह सुनिश्चित करने के लिए सराहनीय प्रयास किए हैं कि प्रत्येक भारतीय सुरक्षा एवं सम्मान का जीवन जी सके।
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “गृह मंत्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना और मेहनती होने के कारण उन्हें व्यापक रूप से सराहा जाता है।... ईश्वर से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ एवं दीर्घायु रहें।”
शाह लगभग चार दशकों से प्रधानमंत्री के विश्वसनीय सहयोगी रहे हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बधाई देते हुए कहा कि शाह का सार्वजनिक जीवन समर्पण और संगठनात्मक कौशल का अद्वितीय उदाहरण है।
नड्डा ने कहा कि नक्सलवाद को खत्म करने के गृह मंत्री के अटूट संकल्प के कारण देश को नक्सल मुक्त बनाने की लड़ाई निर्णायक मोड़ पर पहुंच रही है।
उन्होंने ‘हैप्पी बर्थडे अमित शाह’ टैगलाइन के साथ ‘एक्स’ पर लिखा, “(भाजपा) संगठन के विस्तार से लेकर विचारधारा के सशक्तीकरण तक, आपने नयी ऊंचाइयां प्रदान की हैं। मैं ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना करता हूं।”
नड्डा से पहले शाह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संदेश में शाह को अत्यंत परिश्रमी और दृढ़ निश्चयी बताया।
सिंह ने कहा कि शाह भारत की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और देश में शांति एवं स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए पूरे जोश के साथ काम कर रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने ‘एक्स’ पर हिंदी में एक पोस्ट में कहा, “मैं ईश्वर से उनके दीर्घायु होने की, उत्तम स्वास्थ्य की और राष्ट्र सेवा में निरंतर सफलता की कामना करता हूं।”
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक जदयू के प्रमुख और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी गृह मंत्री को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी को जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना है।”