आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को 20-20 हजार रुपये की मदद देने की सम्भावित घोषणा को लेकर मीडिया में आ रही खबरों के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि 2027 का विधानसभा चुनाव जीतने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पास ‘‘पैसे के सिवा कुछ नहीं बचा है’’।
यादव ने ‘एक्स’ पर एक विस्तृत पोस्ट में इस प्रस्तावित योजना को भाजपा का ‘‘एक और जुमला’’ बताया और आरोप लगाया कि जो पैसा दिया जा रहा है, वह ‘‘भाजपा की पाप की कमाई’’ है।
यादव ने पोस्ट में कहा, ‘‘समाचार : भाजपा का एक और जुमला उप्र की महिलाओं को देंगे 20000, विचार : भाजपा के पास चुनाव जीतने के लिए पैसे के सिवा कुछ नहीं बचा है। वो भी भाजपा की पाप की कमाई है, जिसे उप्र की धर्म भीरू महिलाएं कभी नहीं लेंगी।’’
सपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जागरूक महिलाएं पूछ रही हैं कि जिन दूसरे राज्यों में महिलाओं को पैसे देने की घोषणा करके चुनाव जीता था, वहां एक तरफ तो देने से आनाकानी कर रहे हैं, दूसरी तरफ पैसे वापस मांग रहे हैं और जो लौटा नहीं पा रही हैं, उन महिलाओं पर भाजपा मुकदमे की कार्रवाई कर रही है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘देखा जाए तो आज जिस 50 हजार रुपये सालाना पैसे देने की बात भाजपा सरकार कर रही है, वो पैसे पिछले 10 साल में भी दे सकती थी, पर दिया नहीं। मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश की महिलाओं के हक-अधिकार के हजारों करोड़ रुपये अपने प्रचार पर खर्च करके सबको ठेंगा दिखा दिया।’’
सपा अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘50 हजार रुपये हर साल के हिसाब से भाजपा की भ्रष्ट सरकार पिछले 10 साल में महिलाओं के हिस्से के पांच-पांच लाख रुपये खा गई और अब केवल 20 हजार देने का जुमला परोस रही है।’’
यादव ने कहा कि 20 हजार रुपये तो पांच लाख रुपये का केवल चार प्रतिशत हुआ, इसका मतलब यह है भाजपा के लोग महिलाओं के हक का 96 फीसद ‘‘डकार’’ गये।