Adani Airports to raise $1 billion from Alpha Wave, Temasek, BlackRock Fund and Premji Invest
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) अल्फा वेव ग्लोबल, टेमासेक, प्रेमजी इन्वेस्ट और ब्लैकरॉक द्वारा प्रबंधित कोष समेत वैश्विक एवं घरेलू निवेशकों के एक समूह से करीब एक अरब डॉलर की नई इक्विटी पूंजी जुटाएगी। इस निवेश से पहले कंपनी का मूल्यांकन करीब 18 अरब अमेरिकी डॉलर आंका गया है।
कंपनी की 9,825 करोड़ रुपये की यह पूंजी जुटाने की योजना भारत के हवाई अड्डा बुनियादी ढांचा क्षेत्र में वित्तीय संस्थानों द्वारा किए जाने वाले सबसे बड़े प्राथमिक इक्विटी निवेशों में से एक है। इससे एएएचएल को संस्थागत मूल्यांकन का आधार मिलेगा। यह ऐसे समय में हुआ है जब देश के विमानन बाजार में यात्रियों की संख्या और हवाईअड्डा क्षमता, दोनों के बढ़ने की उम्मीद है।
अदाणी समूह की कंपनी ने बयान में कहा कि निवेशकों ने एएएचएल के साथ तीन चरणों में नए इक्विटी शेयर की खरीद के लिए बाध्यकारी समझौते किए हैं। अंतिम चरण जुलाई 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है। तीनों चरण पूरे होने के बाद निवेशकों का समूह सामूहिक रूप से एएएचएल में करीब 5.54 प्रतिशत हिस्सेदारी रखेगा।
कंपनी ने कहा कि इस राशि का इस्तेमाल एएएचएल के हवाई अड्डा बुनियादी ढांचे के विस्तार और आधुनिकीकरण, एकीकृत हवाई अड्डा-शहर परिवेश विकसित करने तथा ‘ग्राउंड हैंडलिंग’ समेत यात्रियों से सीधे जुड़े और गैर-विमानन कारोबार का विस्तार करने में किया जाएगा।