Action against wrong-way drivers intensified, 2321 FIRs registered: Lieutenant Governor
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में गलत दिशा में गाड़ी चलाने के खिलाफ कार्रवाई 113 फीसदी तक बढ़ गई है और इस बाबत 2321 प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ तेज़ की गई कार्रवाई का हिस्सा है और इसमें अनधिकृत पार्किंग भी शामिल है।
उपराज्यपाल ने मौजूदा मानसून ऋतु, कांवड़ यात्रा और स्वतंत्रता दिवस की व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक में राष्ट्रीय राजधानी में यातायात प्रबंधन और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई का आकलन किया।
संधू ने कहा कि जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों की संख्या 169 से कम होकर 65 रह गई है, जबकि ‘प्रोजेक्ट संगम’ ने स्थानीय यातायात प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए नागरिक भागीदारी को मजबूत किया।
उपराज्यपाल ने बैठक के दौरान इस बात पर जोर दिया कि जाम, नियमों का उल्लंघन और अतिक्रमण से निपटने के लिए पुलिस कर्मियों की सड़कों पर मौजूदगी और सक्रिय सामुदायिक भागीदारी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कुशल यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए किसी चीज से समझौता नहीं किया जाएगा।