सीमा विवाद पर डोभाल और वांग यी के बीच विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता, संबंधों में सुधार पर भी चर्चा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-08-2026
सीमा विवाद पर डोभाल और वांग यी के बीच विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता, संबंधों में सुधार पर भी चर्चा
सीमा विवाद पर डोभाल और वांग यी के बीच विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता, संबंधों में सुधार पर भी चर्चा

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने मंगलवार को चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ भारत-चीन सीमा विवाद और दोनों देशों के संबंधों में सुधार को लेकर विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता की।
 
इस वार्ता का इसलिए महत्व है, क्योंकि यह 12-13 सितंबर को होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की भारत की संभावित यात्रा से पहले हुई है।
 
यह वार्ता ऐसे समय हो रही है, जब भारत-चीन के द्विपक्षीय संबंधों में सीमा और अरुणाचल प्रदेश को लेकर मतभेद प्रमुखता से बने हुए हैं।
 
डोभाल और वांग दोनों ही सीमा वार्ता के लिए विशेष प्रतिनिधि हैं। यह व्यवस्था वर्ष 2003 में 3,488 किलोमीटर लंबी भारत-चीन सीमा से जुड़े विवाद के व्यापक समाधान के लिए की गई थी।
 
वार्ता से पहले सोमवार को दो दिवसीय यात्रा पर बीजिंग पहुंचे डोभाल ने चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग से भी मुलाकात की।
 
भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि डोभाल और चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग के बीच हुई बातचीत में सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति व स्थिरता मजबूत करने तथा दोनों देशों के नेताओं के बीच बनी सहमति के अनुरूप आर्थिक, राजनीतिक और बहुपक्षीय क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा हुई।
 
डोभाल के साथ मुलाकात के दौरान झेंग ने कहा कि चीन और भारत को अपने द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नजरिए से देखना और संभालना चाहिए। साथ ही, दोनों देशों को अपने नेताओं के बीच बनी महत्वपूर्ण सहमति को लागू करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।