A great leader turns dreams into reality, says Rajnath Singh on PM Modi's birthday
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि एक अच्छा नेता वह होता है जो देश के लिए बड़े सपने देखता है, जबकि एक महान नेता उन सपनों को वास्तविकता में बदल देता है। राजनाथ ने कहा कि मोदी जी ने अपने व्यक्तित्व, नेतृत्व और कार्यों से जीवन में महानता हासिल कर ली है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत को विकास के एक नए पथ पर ले जाने का श्रेय दिया।
वाराणसी में मोदी के 76वें जन्मदिन पर 'सेवा संकल्प अभियान' की शुरुआत के मौके पर सिंह ने कहा कि महान नेता केवल सपने नहीं देखते, बल्कि उन सपनों को जमीन पर भी उतारते हैं।
सिंह ने कहा कि मोदी ने 13 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और पिछले 12 वर्षों से प्रधानमंत्री के रूप में सेवा की है, जिससे निरंतर जनसेवा के उनके 25 वर्ष पूरे हुए हैं।
सिंह ने कहा, ‘‘जिंदगी लंबी नहीं, बड़ी (सार्थक और महत्वपूर्ण) होनी चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने नेतृत्व, दृष्टिकोण और समर्पण से यह हासिल किया है। पिछले 25 सालों से वे पूरे समर्पण के साथ संवैधानिक पदों की ज़िम्मेदारियां निभा रहे हैं और आने वाले दशकों तक देश की सेवा करते रहेंगे। अभी तो सिर्फ आधी पारी ही खेली गई है।’’
उन्होंने कहा कि मोदी की विरासत सिर्फ सरकारी फाइलों में दर्ज बातों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि लोगों की यादों और भावनाओं में भी बसी रहेगी।