एआई नवोन्मेषण में बेंगलुरु एशिया में दूसरे स्थान पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-06-2026
Bengaluru ranks second in Asia for AI innovation
Bengaluru ranks second in Asia for AI innovation

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
कृत्रिम मेधा (एआई) नवोन्मेषण को लेकर बेंगलुरु ने एशिया में दूसरा स्थान हासिल किया है, जबकि प्रदर्शन और अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) श्रेणी में उसने वैश्विक स्तर पर शीर्ष-10 में जगह बनाई है। कर्नाटक सरकार ने ‘वैश्विक स्टार्टअप परिवेश रिपोर्ट (जीएसईआर) 2026’ के हवाले से यह जानकारी दी।

'स्टार्टअप इकोसिस्टम इंडेक्स' में दुनिया भर में 15वें स्थान पर रहने वाला बेंगलुरु, भारत के प्रमुख स्टार्टअप केंद्र के तौर पर अपनी मज़बूत जगह बनाए हुए है और इसके पारिस्थतिकी तंत्र का मूल्य 152.8 अरब अमेरिकी डॉलर है।
 
कर्नाटक सरकार और ‘कर्नाटक डिजिटल इकॉनमी मिशन’ (केडीईएम) ने वैश्विक नवाचार एवं स्टार्टअप अनुसंधान संगठन स्टार्टअप जीनोम के साथ साझेदारी में यह जानकारी साझा की। रिपोर्ट के प्रमुख निष्कर्ष फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित ‘वीवाटेक’ कार्यक्रम के दौरान जारी किए गए।
 
रिपोर्ट के मुताबिक, एआई नवाचार, अनुसंधान एवं विकास क्षमता तथा स्टार्टअप गतिविधियों के क्षेत्र में बेंगलुरु लगातार वैश्विक स्तर पर अपनी उपस्थिति मजबूत कर रहा है।