Tata Motors PV expects fastest growth in the industry this fiscal: Chandrasekaran
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स को व्यापक आर्थिक एवं वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद वित्त वर्ष 2026-27 में उद्योग में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज करने का भरोसा है।
चंद्रशेखरन ने कंपनी की 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट में शेयरधारकों को लिखे पत्र में कहा कि टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (टीएमपीवी) और उसकी ब्रिटिश इकाई जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) विनिर्माण, प्रौद्योगिकी और मानव संसाधन के क्षेत्र में सहयोग जारी रखेंगे। इससे दक्षता बढ़ेगी, सीखने की गति तेज होगी और पूंजी अनुशासन मजबूत होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘ हम वित्त वर्ष 2026-27 में आत्मविश्वास के साथ प्रवेश कर रहे हैं, जो नए उत्पादों और बहु-पावरट्रेन पेशकशों से समर्थित है। हमारा ध्यान उद्योग में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज करने, सुरक्षा, स्थिरता, गुणवत्ता एवं ग्राहक संतुष्टि के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और गहरा करने पर रहेगा। साथ ही व्यापक आर्थिक और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच मजबूत बने रहने पर जोर देंगे।’’
समूह की कंपनियों के बीच तालमेल पर उन्होंने कहा कि टीएमपीवी और जेएलआर ‘‘ विनिर्माण, प्रौद्योगिकी और मानव संसाधन में सहयोग जारी रखेंगे जिससे दक्षता बढ़ेगी, सीखने की गति तेज होगी और पूंजी अनुशासन मजबूत होगा।’’
चंद्रशेखरन ने साथ ही कहा कि डिजिटल प्रौद्योगिकी और कृत्रिम मेधा (एआई) में वैश्विक स्तर पर तेज प्रगति से परिवहन उत्पादों के डिजाइन, अनुभव और समर्थन के तरीके बदल रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ इसी के साथ स्वच्छ ऊर्जा की ओर बदलाव, सुरक्षा को लेकर बढ़ती अपेक्षाएं एवं वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं का पुनर्गठन प्रतिस्पर्धा को नए सिरे से परिभाषित कर रहे हैं। भू-राजनीतिक स्थितियां तथा असमान आर्थिक सुधार से और जटिलता बढ़ रही है, जिससे लचीलापन एवं मजबूती बेहद महत्वपूर्ण क्षमताएं बन गई हैं।’’