विवेक अग्निहोत्री ने तैमूर नाम पर सैफ अली खान को निशाना बनाया

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 22-08-2025
Vivek Agnihotri targeted Saif Ali Khan over the name Taimur
Vivek Agnihotri targeted Saif Ali Khan over the name Taimur

 

आवाज द वाॅयस/ नई दिल्ली

2016 में जब सैफ अली खान और करीना कपूर ने अपने बेटे का नाम तैमूर रखा था, तो इस पर खूब विवाद हुआ और उन्हें तीखी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।

 मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री की आने वाली फिल्म “द बंगाल फाइल्स” का ट्रेलर 16 अगस्त को जारी हुआ और इसके साथ ही एक नया विवाद खड़ा हो गया।

ट्रेलर में एक बच्चे का नाम तैमूर दिखाया गया है। इसी वजह से अटकलें लगाई जाने लगीं कि अग्निहोत्री ने सैफ और करीना को उनके बेटे के नाम को लेकर निशाना बनाया है।

विवेक अग्निहोत्री की सफाई

हालांकि, एक टीवी शो में विवेक अग्निहोत्री ने स्पष्ट किया कि उन्होंने सैफ अली खान पर कोई तंज नहीं कसा। लेकिन उनका कहना था कि भारत में किसी को भी अपने बच्चे का नाम तैमूर नहीं रखना चाहिए।

उन्होंने कहा, “बहुत से लोगों का नाम तैमूर है, सैफ पहले शख्स नहीं हैं। जब मैं समरकंद में द ताशकंद फाइल्स की शूटिंग के दौरान तैमूर के मकबरे गया, तो वहां लिखा था कि तैमूर ने दुनिया की सबसे अमीर सल्तनत यानी दिल्ली को जीत लिया था। अपने देश में वह हीरो है, लेकिन हमारे लिए नहीं।”

सैफ और करीना का पक्ष

स्पष्ट रहे कि 2016 में जब सैफ और करीना ने बेटे का नाम तैमूर रखा, तो उन्हें भारी आलोचना का सामना करना पड़ा।सैफ ने एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि उन्होंने कुछ समय तक नाम बदलने का विचार किया था। “करीना इसके खिलाफ थीं। उन्होंने कहा कि लोग आपकी सोच का सम्मान करते हैं, आप नाम नहीं बदल सकते। तब मैंने तय किया कि नाम वही रहेगा। यह लोगों के बारे में नहीं था, मैं बस नहीं चाहता था कि मेरा बेटा नापसंद किया जाए।”

करीना ने भी पिछले साल इस विवाद पर कहा था, “मुझे दुख हुआ कि लोग तैमूर के नाम को लेकर बातें कर रहे थे। तैमूर को शायद पता भी नहीं कि उसके नाम पर कितना हंगामा हुआ। लेकिन उसे बहुत प्यार भी मिला, क्योंकि लोग उसमें दिलचस्पी ले रहे थे। वह तो एक छोटा सा बच्चा था, जिसे लोग जानते भी नहीं थे।