सोहेल खान ने बताई तलाक की असली वजह

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 22-08-2025
Sohail Khan told the real reason for divorce
Sohail Khan told the real reason for divorce

 

नई दिल्ली

सलमान खान के छोटे भाई सोहेल खान और उनकी पत्नी सीमा सजदेह के तलाक की खबर ने पिछले साल सभी को चौंका दिया था। शादी के 24 साल बाद दोनों का अलग होना कई सवाल छोड़ गया था। अब सोहेल खान ने पहली बार खुलकर इस बारे में बात की और बताया कि आखिर किन वजहों से यह रिश्ता टूट गया।

सोहेल ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा कि लगातार होने वाले झगड़े ही उनके अलगाव का सबसे बड़ा कारण बने। उन्होंने कहा,"मैंने सीमा के साथ 24 साल बिताए। वह बेहद खूबसूरत और समझदार इंसान हैं। हमारे बीच कुछ बातें ऐसी थीं जो ठीक नहीं हो पाईं। लेकिन इससे हमारे रिश्ते की गरिमा पर कोई असर नहीं पड़ा। सीमा न सिर्फ़ एक बेहतरीन इंसान हैं बल्कि एक बहुत ही ख्याल रखने वाली माँ भी हैं।"

उन्होंने यह भी बताया कि दोनों ने बच्चों को सबसे अहम मानते हुए अलग होने का फैसला किया। सोहेल ने कहा,"जब पति-पत्नी के बीच झगड़े बढ़ जाते हैं तो बच्चों की मानसिकता पर गहरा असर पड़ता है। वे चिड़चिड़े हो जाते हैं और आगे चलकर उनका व्यक्तित्व भी प्रभावित होता है। हम नहीं चाहते थे कि हमारे बच्चों की परवरिश इस माहौल में हो।"

सोहेल ने यह भी साझा किया कि तलाक के बाद भी उन्होंने परिवारिक रिश्तों को प्राथमिकता दी है। "हमने तय किया है कि हर साल बच्चों के साथ एक पारिवारिक यात्रा ज़रूर करेंगे और उनके साथ अच्छा समय बिताएँगे। अलग होने के बावजूद हम हमेशा बच्चों के लिए साथ रहेंगे।"

बता दें कि सोहेल खान और सीमा सजदेह की मुलाकात 1998 में हुई थी और उसी साल दोनों ने शादी कर ली थी। साल 2022 में उन्होंने आधिकारिक रूप से तलाक ले लिया। हालांकि सीमा सजदेह ने अपने अलगाव पर नेटफ्लिक्स शो “फैबुलस लाइव्स ऑफ बॉलीवुड वाइव्स” में पहले ही बात की थी, लेकिन तलाक पर सोहेल खान का यह पहला सार्वजनिक बयान है।