NEET पेपर सेटिंग कमेटी की सदस्य गिरफ्तार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-05-2026
NEET paper setting committee member arrested
NEET paper setting committee member arrested

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने शनिवार को जीव विज्ञान की उस प्रवक्ता को गिरफ्तार कर लिया जो तीन मई को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) के लिए प्रश्नपत्र तैयार करने वाली राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) की समिति का हिस्सा थीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि यह गिरफ्तारी प्रश्नपत्र लीक मामले में कथित सरगना पी.वी. कुलकर्णी और अन्य आरोपियों से पूछताछ के आधार पर की गई है।
 
सीबीआई ने बताया कि जीव विज्ञान की प्रवक्ता मनीषा मंधारे को यहां एजेंसी के मुख्यालय में पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।
 
अधिकारियों ने बताया कि वह कथित तौर पर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक) से जुड़ी परीक्षा प्रक्रिया में शामिल थीं और एनटीए द्वारा विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त की गई थीं।
 
अधिकारियों ने बताया कि मंधारे के पास वनस्पति विज्ञान और प्राणी विज्ञान के प्रश्नपत्रों तक पूरी पहुंच थी।
 
आरोप है कि मंधारे ने पुणे की मनीषा वाघमारे (जिन्हें 14 मई को गिरफ्तार किया गया था) के माध्यम से अप्रैल 2026 में नीट के संभावित अभ्यर्थियों को जुटाया और पुणे स्थित उनके आवास पर इन अभ्यर्थियों के लिए विशेष कोचिंग कक्षाएं आयोजित की गईं।
 
आरोप है कि मंधारे ने लीक हुए प्रश्न और उनके उत्तर चुनिंदा छात्रों को लिखवाए और इसके बदले में लाखों रुपये शुल्क के रूप में वसूले।
 
इनमें से अधिकांश प्रश्न तीन मई को आयोजित परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से मेल खाते थे। प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बाद तीन मई को आयोजित नीट-यूजी को रद्द कर दिया गया।