14 मई : भारत ने श्रीलंका के विद्रोही संगठन लिट्टे पर प्रतिबंध लगाया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-05-2026
May 14: India bans Sri Lankan rebel group LTTE
May 14: India bans Sri Lankan rebel group LTTE

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
भारत और विश्व के इतिहास में 14 मई का खास महत्व है। आज ही के दिन भारत ने पड़ोसी देश श्रीलंका के विद्रोही संगठन लिट्टे पर प्रतिबंध लगाया था।
 
भारत ने गैरकानूनी गतिविधियां संबंधी अधिनियम के तहत ‘लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम’ (लिट्टे) पर 14 मई 1992 को प्रतिबंध लगा दिया था। यूरोपीय संघ, कनाडा और अमेरिका में भी इस संगठन पर प्रतिबंध था। गौरतलब है कि श्रीलंका सरकार के विरुद्ध लिट्टे के संघर्ष के दौरान शांति बहाली के लिए द्वीपीय देश गई भारतीय सेना को वहां बल प्रयोग करना पड़ा था।
 
इसके बाद 14 मई 2024 को लिट्टे पर प्रतिबंध को भारत सरकार ने और पांच साल के लिए बढ़ा दिया।
 
देश एवं दुनिया के इतिहास में 14 मई की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है :
 
1607 : उत्तरी अमेरिका में अंग्रेजों ने अपना पहला स्थायी अड्डा स्थापित किया। इसे जेम्स टाउन, वर्जीनिया का नाम दिया गया।
 
1610 : फ्रांस में हेनरी चौथे की हत्या और लुई तेरहवें फ्रांस की गद्दी पर बैठे।
 
1702 : इंग्लैंड और नीदरलैंड ने फ्रांस और स्पेन के खिलाफ़ युद्ध की घोषणा की।
 
1811 : पराग्वे स्पेन से मुक्त हुआ।
 
1878 : पहली बार वैसलीन ब्रांड नाम का रॉबर्ट ए चेसब्राफ ने पंजीकरण करवाया।
 
1879 : थॉमस एडिसन यूरोप की एडिसन टेलीफोन कंपनी से जुड़े।
 
1944 : ब्रिटिश सैनिकों ने कोहिमा पर कब्जा किया।
 
1948 : इजराइल ने ब्रिटेन से स्वतंत्रता की घोषणा की।
 
1955 : वारसा संधि पर हस्ताक्षर। सोवियत संघ और पूर्वी यूरोप के उसके सहयोगी देशों ने पोलैंड की राजधानी वारसा में इस संधि पर हस्ताक्षर किए। इसके जरिए सदस्य देशों के बीच आर्थिक, सैनिक और सांस्कृतिक संबंधों के विकास पर सहमति बनी।
 
1963 : कुवैत संयुक्त राष्ट्र का 111 वां सदस्य बना।
 
1973 : अमेरिका के उच्चतम न्यायालय ने सेना में महिलाओं के समान अधिकार को मंजूरी दी।
 
1984 : फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग का जन्म।
 
1991 : दक्षिण अफ़्रीक़ा के रंगभेद विरोधी नेता नेल्सन मंडेला की पत्नी विनी मंडेला को चार युवकों के अपहरण के मामले में छह साल की सज़ा सुनाई गई।
 
1992 : भारत ने लिट्टे पर प्रतिबंध लगाया।
 
2012 : इजराइल की जेलों में बंद 1500 फलस्तीनी कैदी भूख हड़ताल समाप्त करने पर सहमत हुए।
 
2013 : ब्राजील समलैंगिक विवाह को मान्यता देने वाला 15वां देश बना।
 
2018 : अमेरिका ने तेल अवीव से अपना दूतावास स्थानांतरित कर यरूशलम में खोला जिससे भड़के फलस्तीनी लोगों की इजराइली सैनिकों से झड़प हो गई और इस दौरान इजराइली बलों की गोलीबारी में गाजा में 37 लोग मारे गए।
 
2021 : अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में मस्जिद में विस्फोट में 12 लोगों की मौत, 15 लोग घायल।
 
2024 : भारत सरकार ने लिट्टे पर प्रतिबंध की अवधि और पांच साल बढ़ायी। इसी दिन अमेरिका के राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस में ‘एशियन अमेरिकन, नेटिव हवाई एंड पेसिफिक आइलेंडर’ (एएएनएचपीआई) ‘विरासत माह’ का जश्न मनाने के लिए आयोजित स्वागत समारोह में तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ इकट्ठा हुए एशियाई अमेरिकियों के समक्ष व्हाइट हाउस के मरीन बैंड ने ‘सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा’ गीत की धुन बजायी।
 
भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान मोहम्मद इकबाल द्वारा लिखे गए देशभक्ति गीत की धुन को भारतीय अमेरिकियों के अनुरोध पर मरीन बैंड ने दो बार बजाया।
 
2025 : गाजा में इजराइली हवाई हमलों में 22 बच्चों समेत 70 लोगों की मौत।