आईटी, बैंक शेयरों में खरीदारी से शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 1,109 अंक चढ़ा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-10-2026
Stock market returns to bullish trend on buying in IT, bank stocks, Sensex rises 1,109 points
Stock market returns to bullish trend on buying in IT, bank stocks, Sensex rises 1,109 points

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
डॉलर के मुकाबले रुपये में सुधार और दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ (एलटीसीजी) कर को लेकर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की टिप्पणी से मिले समर्थन के बीच घरेलू शेयर बाजार ने मंगलवार को जोरदार वापसी की। सेंसेक्स 1,109 अंक चढ़ गया, जबकि निफ्टी 22,720 अंक के ऊपर बंद हुआ।
 
विश्लेषकों ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), वित्तीय और दैनिक उपयोग के उपभोक्ता सामान (एफएमसीजी) कंपनियों के शेयरों में लिवाली से भी घरेलू बाजार में निवेशक धारणा को समर्थन मिला।
 
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,109.10 अंक यानी 1.54 प्रतिशत चढ़कर 73,033.78 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,120.99 अंक उछलकर 73,045.67 अंक तक पहुंच गया था। सेंसेक्स में यह किसी एकल कारोबारी सत्र की चार महीने की सबसे बड़ी बढ़त है।
 
एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 358.60 अंक यानी 1.60 प्रतिशत बढ़कर 22,721.95 अंक पर बंद हुआ। यह दो महीने से अधिक समय में निफ्टी की सबसे बड़ी एकदिवसीय बढ़त है।
 
सेंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर अनुकूल तिमाही नतीजों के बाद सबसे अधिक 8.28 प्रतिशत चढ़ गया। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का शेयर 6.59 प्रतिशत, टेक महिंद्रा का 4.90 प्रतिशत और इन्फोसिस का भी शेयर 4.44 प्रतिशत चढ़ गया।