आरबीआई ने दो नीलामियों में मिली-जुली प्रतिक्रिया के साथ छह लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-09-2026
RBI raises over Rs 6 lakh crore in two auctions with mixed response
RBI raises over Rs 6 lakh crore in two auctions with mixed response

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को दो नीलामियों के जरिये बैंकिंग प्रणाली से छह लाख करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त नकदी जुटाई। हालांकि, बैंकिंग प्रणाली में पर्याप्त नकदी होने के बावजूद बैंकों की दोनों नीलामियों में प्रतिक्रिया बहुत उत्साहजनक नहीं रही।

पिछले सप्ताह घोषित 30 दिन की परिवर्तनीय दर रिवर्स रेपो (वीआरआरआर) नीलामी में बैंकों की प्रतिक्रिया कमजोर रही। इसके बाद केंद्रीय बैंक ने दिन के पहले हिस्से में एक और नीलामी की घोषणा की।
 
आधिकारिक बयान के अनुसार, सात लाख करोड़ रुपये की अधिसूचित राशि के मुकाबले पहली नीलामी में बैंकों ने 30 दिन की वीआरआरआर के लिए केवल 2.59 लाख करोड़ रुपये से कुछ अधिक की बोलियां लगाईं।
 
आरबीआई के अनुसार, 30 दिन की वीआरआरआर के लिए प्राप्त बोलियां 5.24 प्रतिशत की ‘कट-ऑफ’ दर और भारित औसत दर पर स्वीकार की गईं।
 
इसके तुरंत बाद आरबीआई ने पांच लाख करोड़ रुपये की अधिसूचित राशि के साथ एक दिन की वीआरआरआर नीलामी की घोषणा की, जो पूर्वाह्न 11.30 बजे पूरी हुई।