आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
वाहन विनिर्माता कंपनी हुंदै मोटर इंडिया का लक्ष्य 2027 में अपनी क्रेटा और नई बेयोन की कम से कम 2.50 लाख इकाइयां बेचने का है। कंपनी तेजी से बढ़ते मध्यम आकार के एसयूवी खंड में अपना नेतृत्व बनाए रखना चाहती है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तरुण गर्ग ने नई बेयोन एसयूवी पेश किए जाने के मौके पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘क्रेटा और बेयोन को मिलाकर हम भविष्य में सालाना 2,50,000 से अधिक इकाइयों की बिक्री का लक्ष्य रख रहे हैं। इस बिक्री के साथ हम मध्यम आकार के एसयूवी खंड में अपना नेतृत्व स्पष्ट रूप से बनाए रख सकते हैं। 2,50,000 इकाइयां कोई सीमा नहीं, बल्कि शुरुआती आधार है। हम आगे भी वृद्धि जारी रखेंगे।’’
उद्योग निकाय सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्चरर्स (सियाम) के आंकड़ों के अनुसार, मध्यम आकार के यूटिलीटी वाहन खंड में एसयूवी और एमपीवी समेत 4-4.4 मीटर लंबाई वाले वाहनों की बिक्री गत वित्त वर्ष में करीब नौ लाख इकाई रही।
हुंदै ने पिछले दो वित्त वर्षों में इस खंड में केवल क्रेटा के दम पर सालाना करीब दो लाख इकाइयां बेचीं। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की कुल घरेलू बिक्री में इस खंड की हिस्सेदारी करीब 35 प्रतिशत रही।
नई बेयोन की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये है। हुंदै के उत्पाद खंड में इसे चार मीटर से कम लंबाई वाली कॉम्पैक्ट एसयूवी वेन्यू और मध्यम आकार की एसयूवी क्रेटा के बीच रखा गया है। कंपनी इस खंड में दूसरा मॉडल जोड़कर अपनी मौजूदगी बढ़ाना चाहती है, जबकि हाल में क्रेटा की बिक्री पर दबाव आया है।