रुपया शुरुआती कारोबार में पांच पैसे टूटकर 94.98 प्रति डॉलर पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 26-10-2026
Rupee falls 5 paise to 94.98 per dollar in early trade
Rupee falls 5 paise to 94.98 per dollar in early trade

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 पश्चिम एशिया में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और भू-राजनीतिक तनाव के बीच रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में सीमित दायरे में कारोबार करते हुए पांच पैसे टूटकर 94.98 प्रति डॉलर पर आ गया।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बीच वैश्विक बाजारों में जोखिम लेने से बचने की प्रवृत्ति के कारण रुपये की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। हालांकि, अमेरिकी डॉलर और अमेरिकी कोष बॉन्ड के प्रतिफल में नरमी से रुपये की गिरावट सीमित रही।
 
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.92 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में यह और कमजोर होकर 94.98 प्रति डॉलर पर आ गया, जो पिछले बंद भाव से पांच पैसे कम है।
 
रुपया शुक्रवार को 12 पैसे टूटकर 94.93 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
 
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.15 प्रतिशत फिसलकर 101.49 पर रहा।
 
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.92 प्रतिशत बढ़कर 114.48 डॉलर प्रति बैरल पर आ गयस।
 
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 536.30 अंक फिसलकर 72,583.86 अंक पर जबकि निफ्टी 200.10 अंक टूटकर 22,402.80 अंक पर रहा।