आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बुनियादी उद्योगों का उत्पादन मार्च में 0.4 प्रतिशत घटा
कोयला, कच्चा तेल, उर्वरक और बिजली के उत्पादन में गिरावट से मार्च में बुनियादी उद्योगों के उत्पादन में 0.4 प्रतिशत की गिरावट आई। पांच महीने में पहला मौका है जब इसमें गिरावट आई है। सोमवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली।
इस साल फरवरी में, आठ प्रमुख बुनियादी उद्योगों में 2.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में, बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर 2.6 प्रतिशत रही, जबकि 2024-25 में यह 4.5 प्रतिशत थी।
इस वर्ष मार्च में रिफाइनरी उत्पादों, इस्पात और सीमेंट के उत्पादन में वृद्धि धीमी होकर क्रमश: 0.1 प्रतिशत, 2.2 प्रतिशत और चार प्रतिशत रही।
हालांकि, आलोच्य महीने में प्राकृतिक गैस उत्पादन में अच्छी वृद्धि दर्ज की गई।
आंकड़ों के बारे में इक्रा लि. की मुख्य अर्थशास्त्री अदिति नायर ने कहा कि आठ में से चार क्षेत्रों में उत्पादन में गिरावट के बीच, मार्च में बुनियादी उद्योगों के उत्पादन में पांच महीनों में पहली बार गिरावट आई है।
अक्टूबर, 2025 में, इन आठ प्रमुख बुनियादी उद्योगों की उत्पादन वृद्धि में 0.1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी।