करनाल
वैश्विक हॉस्पिटैलिटी कंपनी मैरियट इंटरनेशनल ने भारत में अपने लग्जरी ब्रांड “ऑटोग्राफ कलेक्शन होटल्स” की शुरुआत कर दी है। इस ब्रांड की पहली एंट्री हरियाणा के करनाल स्थित नोअर महल होटल के साथ हुई है।
यह होटल एनएच 44 हाईवे पर स्थित है और इसे कर्नल मनबीर चौधरी ने विकसित किया है। 176 कमरों वाला यह होटल एक पैलेस शैली में बनाया गया है और इसमें भारतीय कला और ऐतिहासिक वस्तुओं का बड़ा संग्रह मौजूद है।
मैरियट इंटरनेशनल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि नोअर महल अब “ऑटोग्राफ कलेक्शन होटल्स” का हिस्सा बन गया है। यह मैरियट का भारत में 19वां ब्रांड है।कंपनी ने बताया कि यह ब्रांड दुनिया के 55 से अधिक देशों में 360 से ज्यादा प्रॉपर्टीज के साथ मौजूद है। भारत में इसकी शुरुआत करनाल से हुई है, जो इसे खास बनाती है।
मैरियट इंटरनेशनल साउथ एशिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष किरण अंडिकोट ने कहा कि आज के समय में भारतीय यात्री ऐसे अनुभव चाहते हैं जो डिजाइन, संस्कृति और पहचान से जुड़े हों। उन्होंने कहा कि ऑटोग्राफ कलेक्शन इसी जरूरत को पूरा करता है।
उन्होंने कहा कि नोअर महल भारतीय शाही विरासत और आधुनिक कला का सुंदर मिश्रण है। यह आधुनिक यात्रियों को एक अनोखा और यादगार अनुभव देता है।होटल के मालिक कर्नल मनबीर चौधरी ने इस साझेदारी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह सहयोग उनके होटल को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाएगा।
उन्होंने कहा कि नोअर महल अपनी स्वतंत्र पहचान बनाए रखते हुए अब अंतरराष्ट्रीय मानकों और वैश्विक पहुंच के साथ काम करेगा।नोअर महल होटल को एक सांस्कृतिक और कलात्मक स्थल के रूप में भी विकसित किया गया है। यहां भारतीय इतिहास और कला से जुड़े कई संग्रह देखने को मिलते हैं।
मैरियट का कहना है कि भारत में लग्जरी और अनुभव आधारित पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में यह ब्रांड देश में नई संभावनाओं को खोल सकता है।कंपनी ने कहा कि यह होटल यात्रियों को केवल ठहरने की जगह नहीं देगा, बल्कि एक सांस्कृतिक अनुभव भी प्रदान करेगा।
करनाल का यह होटल अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की होटल इंडस्ट्री में एक नई पहचान बनाने की दिशा में कदम माना जा रहा है।