अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत विफल होने से शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 703 अंक टूटा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-04-2026
Stock market falls after US-Iran talks fail, Sensex falls 703 points
Stock market falls after US-Iran talks fail, Sensex falls 703 points

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 703 अंक लुढ़क गया जबकि एनएसई निफ्टी 208 अंक के नुकसान में रहा। अमेरिका और ईरान के बीच समझौते के लिए बातचीत विफल होने के साथ संघर्ष लंबे समय तक जारी रहने की चिंता में कच्चे तेल के दाम में तेजी के बीच बाजार में गिरावट आई।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 702.68 अंक यानी 0.91 प्रतिशत टूटकर 76,847.57 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1,681.93 अंक लुढ़क कर 75,868.32 अंक पर आ गया था।
 
एनएसई निफ्टी भी 207.95 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,842.65 अंक पर बंद हुआ।
 
सेंसेक्स की कंपनियों में मारुति, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फाइनेंस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और एचडीएफसी बैंक प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।
 
दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाली शेयरों में आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी और एक्सिस बैंक शामिल हैं।
 
अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में हुई ऐतिहासिक 21 घंटे की वार्ता का कोई नतीजा नहीं निकला। इससे दो सप्ताह के युद्धविराम का भविष्य अनिश्चित हो गया है।