जेलेंस्की ने पुतिन को लिखा सार्वजनिक पत्र, किसी तटस्थ देश में प्रत्यक्ष बातचीत का आह्वान किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-06-2026
Zelensky writes public letter to Putin, calls for direct talks in a neutral country
Zelensky writes public letter to Putin, calls for direct talks in a neutral country

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को सीधे संबोधित एक सार्वजनिक पत्र में आमने-सामने बातचीत करने का आह्वान किया है।
 
रूस द्वारा 2022 में यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर हमला शुरू करने के बाद से यह पहला ऐसा सार्वजनिक पत्र है जो जेलेंस्की ने सीधे पुतिन को लिखा है। इस पत्र में रूसी नेता के 26 वर्षों के शासन की व्यापक आलोचना की गई है।
 
जेलेंस्की ने पत्र में अमेरिका की बदलती प्राथमिकताओं को स्वीकार करते हुए कहा कि जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन ईरान युद्ध पर बहुत अधिक ध्यान केंद्रित कर रहा है तो ऐसे समय में इस बात का केवल इंतजार करते रहना उचित नहीं होगा कि अमेरिका यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने पर अपना ध्यान वापस केंद्रित करे।
 
जेलेंस्की ने लिखा, ‘‘मैं एक बैठक का प्रस्ताव रख रहा हूं।’’
 
उन्होंने कहा कि बातचीत की मेजबानी कोई तीसरा तटस्थ देश कर सकता है। उन्होंने मॉस्को और कीव, दोनों को वार्ता स्थल के रूप में खारिज कर दिया और बातचीत की संभावित मेजबानी के लिए स्विट्जरलैंड, तुर्किये या अरब देशों का नाम सुझाया।
 
उन्होंने लिखा, ‘‘नेता ही अहम मुद्दों का समाधान करते हैं। हमेशा ऐसा ही होता रहा है और आगे भी ऐसा ही होता रहेगा।’’
 
जेलेंस्की ने लिखा, ‘‘मैं ऐसी बैठक के लिए स्पष्ट तारीख तय करने का प्रस्ताव रखता हूं।’’
 
उन्होंने कहा कि यूक्रेन की खुफिया जानकारी से संकेत मिलता है कि रूस युद्ध को 2027 एवं 2028 तक खींचने की योजनाओं पर विचार कर रहा है और वह अपने जमीनी अभियान से जो हासिल नहीं कर पाया, उसे हासिल करने के लिए अब बैलिस्टिक मिसाइल हमलों का अधिक सहारा ले रहा है।
 
जेलेंस्की ने रूस पर बेलारूस को युद्ध में और गहराई तक खींचने की कोशिश करने तथा रूस समर्थित मोल्दोवा के क्षेत्र ट्रांसनिस्ट्रिया के आसपास स्थिति को अस्थिर करने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया।
 
यूक्रेनी नेता ने रूस के अंदरूनी क्षेत्रों तक ड्रोन हमलों, आर्थिक दबाव, ईंधन की कमी, बढ़ती कीमतों तथा सैन्य लामबंदी की और अधिक जरूरत का उल्लेख करते हुए दलील दी कि रूस युद्ध की कीमत को लगातार महसूस कर रहा है।
 
जेलेंस्की ने दावा किया कि मई में रूस के 30,000 से अधिक सैनिक मारे गए या गंभीर रूप से घायल हुए। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के पास युद्धक्षेत्र में हुए नुकसान की पुष्टि करने वाला वीडियो है और हताहतों की यह संख्या महीने-दर-महीने बनी हुई है।
 
उन्होंने कहा कि यूक्रेन को भी पीड़ादायक नुकसान उठाना पड़ रहा है। हालांकि उन्होंने साथ ही दावा किया कि हताहतों की संख्या के अनुपात के संदर्भ में यूक्रेन के मुकाबले रूस की स्थिति खराब है।
 
उन्होंने कहा कि यूक्रेन बातचीत की अवधि के लिए पूर्ण युद्धविराम लागू करने को तैयार है और युद्ध समाप्त करने की दिशा में पहले कदम के रूप में कैदियों की अदला-बदली का प्रस्ताव रखता है।f