आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कैलिफोर्निया के सैन जोकिन काउंटी के ट्रेसी इलाके से 57 वर्षीय सिख व्यक्ति का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया है।
सैन जोकिन काउंटी शेरिफ कार्यालय ने ‘फेसबुक’ पर किए गए पोस्ट में पीड़ित की पहचान अवतार सिंह के रूप में की है, जिनकी लंबाई पांच फुट सात इंच है और वजन लगभग 200 पाउंड है। घटना के समय उन्होंने हल्के रंग के पारंपरिक सिख वस्त्र पहने हुए थे।
पुलिस ने बताया कि निगरानी फुटेज में मंगलवार को अपराह्न लगभग ढाई बजे (स्थानीय समयानुसार) सिंह को गहरे रंग के कपड़े पहने तीन अज्ञात व्यक्ति एक सफेद एसयूवी में बिठाते हुए दिख रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि फुटेज से प्रतीत होता है कि पीड़ित अपनी मर्जी के बिना कार में बैठा। पुलिस ने बताया कि जांच अधिकारी मामले की गहन छानबीन कर रहे हैं।
पुलिस ने कहा, ‘‘फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह एक अलग घटना प्रतीत होती है और समुदाय को किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है।’’