Von der Leyen calls for EU security mechanism to deal with drone incidents and incursions
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
यूरोपीय आयोग (ईयू) की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने बुधवार को कहा कि यूरोप में ड्रोन घटनाओं, घुसपैठ की गतिविधियों और साइबर हमलों से बेहतर तरीके से निपटने के लिए नाटो जैसी व्यवस्था की जरूरत है।
उन्होंने इनमें से कई घटनाओं के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराया।
वॉन डेर लेयेन ने कहा, “यूरोप को हाइब्रिड खतरों से निपटने के लिए अपनी रणनीति की जरूरत है। हमें कुछ घटनाओं पर प्रतिक्रिया देने के तरीके को लेकर तत्काल सहमति बनाने की जरूरत है।”
उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था खास तौर पर उन घटनाओं के लिए होनी चाहिए जो “सशस्त्र हमले के स्तर तक नहीं पहुंचतीं, लेकिन स्पष्ट रूप से हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा उत्पन्न करती हैं।”
जर्मनी, डेनमार्क और पोलैंड के अधिकारियों ने हाल के हफ्तों में ड्रोन दिखाई देने, घुसपैठ, आगजनी, रक्षा प्रतिष्ठानों की निगरानी एवं विस्फोटक से लदे ड्रोन से एक हवाई अड्डे पर हमला करने की साजिश में रूस की संलिप्तता का आरोप लगाया।