अमेरिका के उपराष्ट्रपति वेंस ईरान के साथ महत्वपूर्ण शांति वार्ता के लिए पाकिस्तान पहुंचे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 11-04-2026
US Vice President Vance arrives in Pakistan for crucial peace talks with Iran
US Vice President Vance arrives in Pakistan for crucial peace talks with Iran

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबफ के नेतृत्व वाले ईरानी प्रतिनिधिमंडल के साथ अहम शांति वार्ता के लिए शनिवार को पाकिस्तान पहुंचे।
 
इस वार्ता का उद्देश्य पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्त करना है।
 
वेंस के नूर खान एयरबेस पहुंचने पर पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इसहाक डार और सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने उनकी अगवानी की।
 
वेंस के साथ अमेरिका के राष्ट्रपति के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जारेड कुशनर भी हैं।
 
उन्होंने पाकिस्तान रवाना होने से पहले कहा था कि वह वार्ता को लेकर आशान्वित हैं और उम्मीद करते हैं कि यह ‘‘सकारात्मक’’ रहेगी।
 
वेंस ने विमान में सवार होने से पहले कहा था, “जैसा कि (अमेरिका के) राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर ईरानी अच्छी नीयत से बातचीत करने को तैयार हैं तो हम सहयोग का हाथ बढ़ाने के लिए निश्चित रूप से तत्पर हैं लेकिन अगर वे हमारे साथ ‘खेल खेलने’ की कोशिश करेंगे, तो उन्हें पता चलेगा कि वार्ता करने वाली टीम इतनी भी सहयोगी नहीं है।’’
 
ईरानी प्रतिनिधिमंडल अमेरिका के साथ वार्ता के लिए शनिवार तड़के पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंचा।
 
दोनों पक्षों के बीच युद्धविराम की उम्मीद के साथ दुनिया भर की नजरें इस वार्ता पर टिकी हैं।
 
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा करते हुए कहा था कि अमेरिका और ईरान इस्लामाबाद में वार्ता करेंगे। उन्होंने ‘एक्स’ पर जारी अपना वक्तव्य अमेरिका और ईरान के राष्ट्रपतियों को भी ‘टैग’ किया था।