US and Iran Ready for Ceasefire Talks; Netanyahu Approves Negotiations with Lebanon
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ईरान और अमेरिका के वार्ताकार शुक्रवार को उच्चस्तरीय वार्ता के लिए तैयारी करते नजर आए, जबकि उनके बीच युद्धविराम की स्थिति अब भी डांवाडोल है। इस बीच, इजराइल और हिजबुल्ला ने एक-दूसरे पर गोलीबारी जारी रखी और तेहरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण बनाए रखा।
अब भी कई ऐसे मुद्दे हैं जो युद्धविराम को पटरी से उतार सकते हैं, साथ ही युद्ध को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए व्यापक समझौते पर बातचीत को भी प्रभावित कर सकते हैं।
रिवोल्यूशनरी गार्ड की करीबी और ईरान की अर्धसरकारी समाचार एजेंसी ‘तसनीम’ ने दावा किया कि शनिवार को होने वाली वार्ता तब तक नहीं होगी जब तक इजराइल लेबनान पर अपने हमले बंद नहीं कर देता। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान जलडमरूमध्य से जहाजों के निर्बाध आवागमन को रोककर ‘‘बहुत ही गलत काम’’ कर रहा है, जिससे कभी दुनिया के 20 प्रतिशत तेल का व्यापार होता था।
इस बीच, कुवैत ने कहा कि बृहस्पतिवार रात उसके यहां ड्रोन हमला हुआ, जिसके लिए उसने ईरान और क्षेत्र में उसके मिलिशिया सहयोगियों को जिम्मेदार ठहराया।
हालांकि, ईरान के अर्धसैनिक बल ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ ने कोई भी हमला करने से इनकार किया है, लेकिन उसने अतीत में पश्चिम एशिया में ऐसे हमले किए हैं जिनकी जिम्मेदारी उसने नहीं ली।
इसके बावजूद, ईरान और अमेरिका के बीच वार्ता की तैयारियां आगे बढ़ती दिख रही हैं तथा अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस वाशिंगटन से पाकिस्तान के लिए रवाना हो चुके हैं।
इस बीच, एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि इजराइल और लेबनान के बीच बातचीत अगले सप्ताह वाशिंगटन में शुरू होने की उम्मीद है।