ईरान युद्ध के दौरान यूक्रेनी सेना ने पश्चिम एशिया के देशों में ‘शाहेद’ ड्रोन मार गिराये : जेलेंस्की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-04-2026
Ukrainian forces shot down Shahed drones in West Asian countries during Iran war: Zelensky
Ukrainian forces shot down Shahed drones in West Asian countries during Iran war: Zelensky

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि ईरान युद्ध के दौरान यूक्रेनी सेना ने पश्चिम एशिया के कई देशों में ईरानी डिजाइन वाले ‘शाहेद’ ड्रोनों को मार गिराया।
 
जेलेंस्की ने कहा कि ये अभियान एक व्यापक रणनीति का हिस्सा हैं, जिसके तहत यूक्रेन अपने सहयोगी देशों को उन हथियारों से निपटने में मदद कर रहा है जिनका इस्तेमाल रूस उसके खिलाफ कर रहा है।
 
राष्ट्रपति ने इन अभियानों की पहली बार सार्वजनिक रूप से पुष्टि बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में की, जिसे शुक्रवार तक सार्वजनिक नहीं किया गया था।
 
उन्होंने कहा कि यूक्रेनी बलों ने देश में विकसित और युद्ध में परखे गए इंटरसेप्टर ड्रोन का उपयोग करते हुए विदेशों में सक्रिय अभियानों में भाग लिया।
 
जेलेंस्की ने कहा, “यह किसी प्रशिक्षण मिशन या अभ्यास का मामला नहीं था, बल्कि एक ऐसे आधुनिक वायु रक्षा तंत्र के निर्माण में सहयोग देने की बात थी, जो वास्तव में प्रभावी ढंग से काम कर सके।’’
 
ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच इस सप्ताह अस्थायी युद्धविराम तय होने से पहले यूक्रेन ने रक्षात्मक अभियानों में हिस्सा लिया था।
 
जेलेंस्की ने इसमें शामिल देशों के नाम उजागर नहीं किए, लेकिन कहा कि यूक्रेनी बल के जवानों ने कई देशों में रहकर उनके वायु रक्षा तंत्र को मजबूत करने में मदद की।
 
उन्होंने पहले कहा था कि क्षेत्र में 228 यूक्रेनी विशेषज्ञों को तैनात किया गया था।
 
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि इसके बदले में यूक्रेन को अपने ऊर्जा ढांचे की सुरक्षा के लिए हथियार मिल रहे हैं, साथ ही तेल, डीजल और कुछ मामलों में वित्तीय मदद भी प्राप्त हो रही है।