आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने मंगलवार को कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अंतिम चरण में पहुंच चुका है और बातचीत का केवल अंतिम एक प्रतिशत हिस्सा ही बाकी है।
उन्होंने भरोसा जताया कि समझौता जल्द अंतिम रूप ले लेगा।
‘यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम लीडरशिप समिट’ को संबोधित करते हुए गोर ने कहा कि वह इस समझौते को अंतिम रूप देने के लिए प्रतिबद्ध हैं, क्योंकि यह दोनों देशों के लिए लाभकारी होगा।
उन्होंने बताया कि करीब 18 महीने की वार्ता के बाद यह अब अंतिम चरण में है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम इस समझौते के अंतिम चरण में हैं। इसका अधिकतर हिस्सा पूरा हो चुका है। दोनों पक्षों की ओर से कुछ मुद्दे अभी बाकी हैं। बातचीत का केवल अंतिम एक प्रतिशत हिस्सा शेष है।’’
भारत में अमेरिकी राजदूत ने द्विपक्षीय संबंधों को लेकर सकारात्मक रुख जताते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच व्यक्तिगत तालमेल दोनों देशों के रिश्तों को आगे बढ़ा रहा है।