ट्रंप ने अवैध अफीम की खेती पर कार्रवाई के लिए भारत को सराहा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-09-2026
Trump praises India for crackdown on illegal opium cultivation
Trump praises India for crackdown on illegal opium cultivation

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अवैध अफीम की खेती पर अंकुश लगाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों का स्वागत किया, पर भारत, चीन और पाकिस्तान को उन 23 देशों की सूची में शामिल किया जो मादक पदार्थों के प्रमुख पारगमन केंद्र होने के साथ-साथ अवैध मादक पदार्थ के उत्पादक भी हैं। ट्रंप ने संबंधित देशों के नेताओं से इस मुद्दे पर कार्रवाई करने का आग्रह किया।

अमेरिकी संसद को बुधवार को भेजे गए पत्र में ट्रंप ने कहा कि वह ‘अमेरिका-भारत मादक पदार्थ नीति रूपरेखा’ के तहत निरंतर सहयोग की उम्मीद करते हैं।
 
बुधवार को सार्वजनिक किए गए आधिकारिक निर्देश में ट्रंप ने कहा, ‘‘मैं अवैध अफीम की खेती पर रोक लगाने और आपूर्ति श्रृंखला की विश्वसनीयता मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और भारत सरकार के प्रयासों का स्वागत करता हूं।’’
 
ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रमुख मादक पदार्थ पारगमन और अवैध मादक पदार्थ के उत्पादक देशों की सूची में किसी देश का शामिल होने का मतलब यह नहीं है कि इससे उस देश की मौजूदा मादक पदार्थ-रोधी कोशिशें परिलक्षित होती हैं या अमेरिका के साथ उसके समन्वय का पता चलता है।