भारत पर ‘‘बेतहाशा’’ शुल्क लगाने के बहाने ढूंढ रहे ट्रंप: अमेरिकी सांसद

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-02-2026
Trump looking for excuses to impose
Trump looking for excuses to impose "exorbitant" tariffs on India: US lawmaker

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
अमेरिका के एक वरिष्ठ सांसद ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूसी तेल खरीदने के लिए भारत पर ‘‘बेतहाशा शुल्क लगाने’’ के ‘‘बहाने ढूंढ रहे हैं’’ और उन्होंने उनसे इस नीति को तुरंत वापस लेने का आग्रह किया।

सांसद ब्रैड शेरमैन ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक ‘पोस्ट’ में लिखा, ‘‘राष्ट्रपति ट्रंप भारत पर बेतहाशा शुल्क लगाने के बहाने ढूंढ रहे हैं।’’
 
प्रतिनिधि सभा की विदेश मामलों की समिति और वित्तीय सेवा समिति के वरिष्ठ सदस्य शेरमैन ने कहा कि ट्रंप का दावा है कि भारत पर रूसी तेल के आयात के लिए शुल्क लगाया गया था।
 
उन्होंने कहा, ‘‘हंगरी रूस से अपने कच्चे तेल का 90 प्रतिशत आयात करता है लेकिन उस पर कोई शुल्क नहीं है। चीन रूस का सबसे बड़ा तेल खरीदार है, उस पर रूसी तेल खरीद से जुड़े प्रतिबंध नहीं लगाए गए, हालांकि उस पर अन्य कारणों से कार्रवाई की गई है।’’
 
शेरमैन ने कहा, ‘‘भारत रूस से अपने कच्चे तेल का सिर्फ 21 प्रतिशत प्राप्त करता है लेकिन हमारे सहयोगी को निशाना बनाया गया। राष्ट्रपति को यह नीति तुरंत बदलनी चाहिए।’’
 
अमेरिका और भारत ने इस महीने की शुरुआत में घोषणा की थी कि उनके बीच व्यापार संबंधी एक अंतरिम समझौते की रूपरेखा को लेकर सहमति बन गई है। इसी के साथ ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश जारी करके रूस से तेल खरीदने के लिए भारत पर लगाए गए 25 प्रतिशत दंडात्मक शुल्क हटा दिए।