आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
वाशिंगटन में नेशनल गार्ड के गश्त करते समय सिर में गोली लग जाने से घायल हुए वायु सेना के स्टाफ सार्जेंट एंड्रयू वोल्फ को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ संबोधन के दौरान मंगलवार को ‘पर्पल हार्ट’ पदक से सम्मानित किया गया।
ट्रंप ने अपने भाषण के दौरान वोल्फ और उनकी सहयोगी एवं अमेरिकी सेना की विशेषज्ञ सारा बेकस्ट्रॉम की सराहना की, जिसके बाद वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के प्रमुख जनरल जेम्स सेवर्ड ने वोल्फ को पदक अलंकरण किया।
राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘ईश्वर की कृपा से एंड्रयू मौत के मुंह से वापस आगए और चमत्कारी रूप से ठीक हो गए हैं।’’
ट्रंप ने उनकी मां के उस दृढ़ संकल्प को याद किया कि वह ठीक हो जाएंगे, जबकि अन्य लोगों को उनकी गंभीर चोटों के कारण उनके जीवित बच पाने पर संदेह था।
राष्ट्रपति के संबोधन के दौरान एंड्रयू वोल्फ की मां भावुक होकर अपने बेटे से लिपट गई।
वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के सदस्य वोल्फ और बेकस्ट्रॉम को बढ़ते अपराध से निपटने के मकसद से ट्रंप के कार्यकारी आदेश के तहत वाशिंगटन में तैनात किया गया था और इसी बीच 26 नवंबर को घात लगाकर हमलावरों ने गोलीबारी की। थैंक्सगिविंग डे पर घायल बेकस्ट्रॉम ने दम तोड़ दिया।
बेकस्ट्रॉम के माता-पिता भी गैलरी में मौजूद थे, जिनसे ट्रंप ने सीधे बात की।