Bike-borne thieves flee with 200 kg of cardamom from a moving truck in North Delhi.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तरी दिल्ली में एक चलते ट्रक से बाइक सवारों द्वारा 200 किलोग्राम इलायची चोरी करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने इसमें कथित रूप से शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, एक परिवहन कंपनी में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत दुखी कुमार की शिकायत पर 17 फरवरी को लाहौरी गेट थाने में ‘ई-प्राथमिकी’ दर्ज की गई।
कुमार ने बताया कि 13 फरवरी की रात को उन्होंने ट्रक पर पुरानी दिल्ली के खारी बावली से अन्य किराना सामान के साथ इलायची के बैग (प्रत्येक 50 किलो वजन) लादे थे। इस सामान को फरीदाबाद पुहंचाना था। अपने गंतव्य पर पहुंचने के बाद उन्होंने देखा कि पारगमन के दौरान ट्रक से कुल 200 किलोग्राम वजन के इलायची के चार बैग चोरी हो गए थे।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह व्यक्तियों की पहचान की गई। मोटरसाइकिल सवार ये सभी लोग ट्रक का पीछा कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, फुटेज में सभी छह व्यक्तियों में से एक व्यक्ति को चलते हुए ट्रक पर पीछे से चढ़ते हुए तथा वाहन पर लादे गए इलायची के बैग नीचे फेंकते हुए देखा गया। यह भी देखा गया कि नीचे फेंके गए बैग को उसके साथियों ने उठा लिया।
एक मोटरसाइकिल का पंजीकरण नंबर दीपक नामक व्यक्ति के नाम पर मिला जो दिल्ली के पुल मिठाई का निवासी है।