24 फरवरी : एप्पल के सह संस्थापक स्टीव जॉब्स का जन्म

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 24-02-2026
February 24: Apple co-founder Steve Jobs was born.
February 24: Apple co-founder Steve Jobs was born.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 इतिहास में 24 फरवरी की तारीख 'एप्पल' के सह संस्थापक स्टीव जॉब्स के जन्मदिन के रूप में दर्ज है। अपनी मिनी बस और दोस्त का कुछ सामान बेचकर एक गैराज में अपने दो दोस्तों के साथ कंपनी शुरू करने वाले जॉब्स ने कंप्यूटर से लेकर मोबाइल फोन तक का निर्माण शुरू किया और इन दोनों उत्पादों के प्रति पूरी दुनिया का नजरिया बदलकर रख दिया।

जॉब्स के बारे में एक खास बात यह है कि उन्हें बौद्ध धर्म बहुत आकर्षित करता था और उन्होंने पोर्टलैंड, ओरेगोन में रीड कॉलेज की पढ़ाई बीच में ही छोड़कर 1974 में एक कंपनी में वीडियो गेम डिजाइनर के तौर पर नौकरी शुरू की तथा पैसा जमा करना शुरू किया ताकि भारत जाकर बौद्ध धर्म के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी हासिल कर सकें।
 
24 फरवरी 2018 को प्रख्यात अभिनेत्री श्रीदेवी का दुबई स्थित एक होटल के बाथटब में डूबने से निधन । पांच दशक के अपने शानदार करियर में, श्रीदेवी ने 80 और 90 के दशक में सिनेमा के व्यावसायिक पटल पर अपना दबदबा बनाया था, जिस दौरान उन्होंने फिल्म उद्योग को कई हिट फिल्में दी।
 
उन्होंने चार साल की उम्र में ही अभिनय करना शुरू कर दिया था। 1969 में एम ए तिरुमुगम की तमिल फिल्म ‘‘थुनईवन’’ से श्रीदेवी ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की थी। उन्होंने कई तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में काम किया, लेकिन बॉलीवुड फिल्मों से उनकी पहचान एक राष्ट्रीय फिल्म आइकन के रूप में बन गयी थी।
 
श्रीदेवी ने 1975 की हिट फिल्म ‘‘जूली’’ में एक बाल कलाकार के रूप में अपनी हिंदी फिल्मों में कदम रखा था। उन्होंने 1978 की फिल्म "सोलवां सावन" के जरिये मुख्य कलाकार के रूप में अपनी शुरुआत की थी और जिसके बाद उन्होंने "हिम्मतवाला", "मवाली", "तोहफ़ा", "मिस्टर इंडिया", "चांदनी", "लम्हे", "नगीना" और "खुदा गवाह" समेत कई व्यावसायिक रूप से हिट फिल्में दीं।
 
24 फरवरी 2022 को रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया। हवाई हमले एवं गोलाबारी में यूक्रेन के शहरों और अड्डों को निशाना बनाया गया। यूक्रेन के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान की घोषणा करते हुए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा एवं प्रतिबंधों को नजरंदाज कर दिया और अपने देश के परमाणु हथियारों के संदर्भ में अन्य देशों को चेतावनी दी कि रूसी कार्रवाई में किसी प्रकार के हस्तक्षेप के प्रयास के ‘‘ऐसे परिणाम होंगे, जो उन्होंने कभी नहीं देखे होंगे।''
 
देश-दुनिया के इतिहास में 24 फरवरी की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
 
1739 : ईरान के नादिर शाह की हमलावर फौजों ने भारत के मुगल शासक मोहम्मद शाह की फौज को करनाल की लड़ाई में मात दी।
 
1942 : नाजी नेताओं के दुष्प्रचार का जवाब देने के लिए ‘वॉयस ऑफ अमेरिका’ ने जर्मन में अपना पहला प्रसारण किया।
 
1948 : दक्षिण भारतीय सिनेमा की अभिनेत्री, अन्नाद्रमुक की नेता और तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता का जन्म।
 
1955 : एप्पल के सह संस्थापक स्टीव जॉब्स का जन्म।
 
1961 : मद्रास की सरकार ने राज्य का नाम बदलकर तमिलनाडु करने का फैसला किया।
 
1981 : ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स और लेडी डायना की शादी का बकिंघम पैलेस की ओर से औपचारिक ऐलान किया गया। विवाह इसी साल 29 जुलाई को हुआ।
 
1983 : असम में तीन सप्ताह की जातीय और राजनीतिक हिंसा में 1300 से ज्यादा लोगों की मौत।
 
2002 : कनाडा ने पुरुषों की आइस हॉकी स्पर्धा में 50 वर्ष बाद पहला स्वर्ण पदक जीता। कनाडा को आइस हॉकी का जनक माना जाता है। देश की महिला टीम ने इससे तीन दिन पहले ही स्वर्ण पदक जीता था।
 
2013 : राउल कास्त्रो को दूसरे कार्यकाल के लिए क्यूबा का राष्ट्रपति चुना गया।
 
2018 : प्रख्यात अभिनेत्री श्रीदेवी का दुबई स्थित एक होटल के बाथटब में डूबने से निधन ।
 
2022 : रूस ने यूक्रेन के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू की।
 
2024 : उत्तर प्रदेश के कासगंज में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में गिरी, 22 लोगों की मौत ।