The Trump administration has taken a different approach to briefing the public on the war against Iran.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिका के अन्य राष्ट्रपतियों के कार्यकाल की परंपरा से अलग, डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू करने के उद्देश्यों के बारे में देश की जनता को सीधे और सार्वजनिक रूप से जानकारी देने में 48 घंटे से अधिक समय लिया।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को सैन्य नायकों को सम्मानित करने के लिए ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में आयोजित एक समारोह की शुरुआत में हमले शुरू करने के उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी, लेकिन पत्रकारों के सवालों का जवाब नहीं दिया।
हालांकि, दिन में रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन डैन केन ने पेंटागन में संवाददाता सम्मेलन किया।
पिछले दो दिनों में, ट्रंप के पहले से रिकॉर्ड किए दो बयान सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर जारी किए गए। इसके अलावा, उन्होंने ढेरों पत्रकारों को फोन पर साक्षात्कार दिए, जिनमें से कई के जवाब अधूरे थे। इससे लोगों में स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई।
इस बात को लेकर ट्रंप की काफी आलोचना हुई कि उन्होंने हमलों का मकसद अमेरिकी जनता को स्पष्ट रूप से समझाने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किया, जबकि संघर्ष के दौरान कई अमेरिकी सैनिकों की जानें गईं।
इसके विपरीत, ईरान के खिलाफ अमेरिका के साथ मिलकर काम कर रहे इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने युद्ध शुरू होने वाले दिन दो बयान दिए। इतना ही नहीं, उन्होंने सोमवार को मिसाइल हमले वाली एक जगह पर पत्रकारों से बातचीत की।
इजराइली सेना हर दिन मीडिया को जानकारी दे रही है।