Russia ready for peace under Trump's proposal if Ukraine compromises: President Putin
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि मॉस्को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शांति प्रस्ताव के आधार पर यूक्रेन के साथ समझौता करने के लिए ‘‘तैयार और इच्छुक’’ है, बशर्ते कीव कुछ ‘‘समझौते’’ करने के लिए तैयार हो। उन्होंने यह दावा भी किया कि रूसी सेना युद्ध के मैदान में अपना प्रभुत्व बनाए हुए है।
पीटीआई सहित प्रमुख वैश्विक समाचार एजेंसियों के प्रमुखों के साथ बातचीत में, रूसी राष्ट्रपति ने बृहस्पतिवार रात कहा कि मॉस्को यूक्रेनी ड्रोन हमलों का मुकाबला करने के लिए अपनी हवाई रक्षा को मजबूत कर रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ‘‘रूसी लोगों की देशभक्ति और इच्छाशक्ति’’ यह सुनिश्चित करेगी कि वे यूक्रेन में अपने लक्ष्यों को प्राप्त करें।
इसी से संबंधित एक घटनाक्रम में, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पुतिन को लिखे एक खुले पत्र में युद्ध को शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त करने के लिए रूसी राष्ट्रपति के साथ आमने-सामने की बैठक का आह्वान किया।
जेलेंस्की ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत के लिए पूर्ण युद्धविराम का समर्थन करते हुए कहा कि शांति केवल यूक्रेन और रूस के बीच सीधे संवाद के माध्यम से ही संभव है। वहीं, क्रेमलिन ने पुष्टि की कि उसे पत्र प्राप्त हुआ है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने लिखा, ‘‘यूक्रेन इस युद्ध को हमारे और आपके बीच सीधी बातचीत के माध्यम से समाप्त करने का प्रस्ताव रखता है। मैं एक बैठक का प्रस्ताव कर रहा हूं।’’
इस प्रेस वार्ता में पीटीआई एकमात्र भारतीय मीडिया प्रतिष्ठान था।
पुतिन ने इस बात पर जोर दिया कि यूक्रेन को समझौते करने होंगे। उन्होंने विशेष रूप से पिछले साल अगस्त में अलास्का के एंकरेज में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ हुई शिखर बैठक का जिक्र किया।
रूसी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘निस्संदेह, हम शांतिपूर्ण तरीकों से यूक्रेन के साथ एक समझौते पर पहुंचने के लिए तैयार और इच्छुक हैं - और यह समझौता एंकरेज में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बैठक में हुई चर्चा पर आधारित होगा।’’