शांति वार्ता से एक दिन पहले रूस ने ड्रोन और मिसाइलों से यूक्रेन पर हमला किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 04-02-2026
Russia attacks Ukraine with drones and missiles a day before peace talks
Russia attacks Ukraine with drones and missiles a day before peace talks

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 रूस ने यूक्रेन पर रात भर भीषण हमला किया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को कहा कि यह हमला ऊर्जा ठिकानों को निशाना नहीं बनाने के वादे का उल्लंघन है।
 
यह बमबारी ऐसे समय हुई है जब दोनों देश चार साल पहले शुरू हुए युद्ध को खत्म करने के लिए अगले दौर की बातचीत की तैयारी कर रहे हैं।
 
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि यूक्रेन पर हुए इस हमले में सैकड़ों ड्रोन और रिकॉर्ड 32 बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। इस हमले में कम से कम 10 लोग घायल हो गए। रूस ने विशेष रूप से पावर ग्रिड को निशाना बनाया है।
 
जेलेंस्की ने कहा, ‘‘रूस के लिए कूटनीति से ज्यादा महत्वपूर्ण है सर्दियों के सबसे ठंडे दिनों का फायदा उठाकर लोगों को आतंकित करना।’’
 
उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) महासचिव मार्क रूट ने एकजुटता दिखाने के लिए कीव का दौरा किया। उन्होंने कहा कि वार्ता की पूर्व संध्या पर हुए इन हमलों ने रूस के इरादों पर संदेह पैदा कर दिया है। उन्होंने इसे शांति प्रयासों की दिशा में एक ‘बेहद बुरा संकेत’ करार दिया।