बलूचिस्तान([पाकिस्तान)
बलूचिस्तान के कालात जिले में बुधवार को एक यात्री बस पर अज्ञात बंदूकधारियों ने हमला कर दिया, जिसमें कम से कम तीन यात्रियों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट में दी गई है।
यह घटना नेमार्ग इलाके में हुई, जब कराची से क्वेटा जा रही एक बस पर घात लगाकर हमला किया गया।
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने कहा,"इस दुखद घटना में तीन यात्रियों ने जान गंवाई और सात घायल हुए। घायलों को तुरंत जिला मुख्यालय अस्पताल, कालात ले जाया गया, जहां आपातकाल घोषित किया गया है।"
एधी फाउंडेशन के रेस्क्यू अधिकारियों ने बाद में पुष्टि की कि घायलों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। इनमें से कई को गंभीर हालत में क्वेटा सिविल अस्पताल रेफर किया गया।
हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बल, जिला प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। हमलावरों की तलाश जारी है।
रिंद ने बताया कि मुख्यमंत्री सरफराज बुगटी ने घटना का गंभीर संज्ञान लिया है और पुलिस व अन्य एजेंसियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,"आतंकी घात लगाकर बैठे थे। उन्होंने बस को रोका और सड़क के दोनों ओर से फायरिंग की। हमलावरों की सटीक संख्या अभी पता नहीं चल पाई है।"
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए घायलों को श्रेष्ठ चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा,"निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना बेहद क्रूर और निंदनीय कृत्य है। आतंकवादी मानवता और शांति के दुश्मन हैं। वे देश की स्थिरता को कमजोर करना चाहते हैं, लेकिन राज्य पूरी ताकत से आतंकवाद का सफाया करेगा।"
डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, क्वेटा के हजारा गंज क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल पर लगाई गई बम विस्फोटक डिवाइस के फटने से तीन महिलाएं घायल हो गईं। यह धमाका मरी कैंप के पास रिमोट से किया गया।
शालकोट पुलिस स्टेशन के एसएचओ खैर मोहम्मद समलानी ने बताया कि,"धमाके के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और सबूत जुटाने लगीं। घायलों को सिविल अस्पताल क्वेटा में भर्ती कराया गया है और वे खतरे से बाहर हैं।"
पुलिस और बम निरोधक दस्ता ने इलाके में अन्य संभावित खतरों की जांच के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। अब तक किसी संगठन ने इन दोनों हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है।