वाशिंगटन
अमेरिका की पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने राष्ट्रपति पद की दौड़ में फिर से शामिल होने की संभावना को पूरी तरह से खारिज नहीं किया। शनिवार को ‘बीबीसी’ को दिए साक्षात्कार में हैरिस ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति बनेगी, और यह संभवतः वे खुद हो सकती हैं।
हैरिस ने कहा, “मैंने अब तक हार नहीं मानी है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 2028 में राष्ट्रपति चुनाव में भाग लेने के बारे में अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है, लेकिन उन्होंने चुनौतियों का सामना करने की तैयारी होने का भरोसा जताया।
पूर्व उपराष्ट्रपति ने अपने करियर को सेवा भाव से जीने के अनुभव पर भी जोर दिया और कहा, “सेवा करने के कई तरीके हैं। मैंने कभी जनमत सर्वेक्षणों या लोकप्रियता पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया।”
हाल ही में हैरिस ने अपनी पुस्तक ‘107 डेज’ जारी की है, जो 2024 में डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में उनकी भूमिका और तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडन की दौड़ से बाहर होने के बाद उनकी अनुभव यात्रा पर आधारित है। उस चुनाव में वह रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप से हार गई थीं।
60 वर्षीय हैरिस ने पिछले सप्ताह ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को दिए साक्षात्कार में यह भी कहा कि उन्होंने 2028 के चुनाव में भाग लेने का विचार त्यागा नहीं है। उन्होंने खुद को पार्टी की समर्पित नेता बताते हुए 2026 के मध्यावधि चुनाव की पूरी तैयारी कर रही हैं।