वॉशिंगटन
अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) ने भारतीय अधिकारियों और इंटरपोल के साथ समन्वित अभियान में अपनी टॉप-10 मोस्ट वांटेड फरार अपराधियों की सूची में शामिल सिंडी रोड्रिगेज़ सिंह को भारत से गिरफ्तार कर लिया है। सिंह पर अपने छह वर्षीय बेटे नोएल अल्वारेज़ की हत्या का आरोप है।
फॉक्स न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद सिंह को अमेरिका ले जाया गया है और अब उन्हें टेक्सास की अदालत में पेश किया जाएगा। एफबीआई निदेशक काश पटेल ने पुष्टि करते हुए बताया कि सिंह पर कैपिटल मर्डर (10 साल से कम उम्र के बच्चे की हत्या) और प्रॉसिक्यूशन से बचने के लिए अवैध रूप से फरारी (Unlawful Flight to Avoid Prosecution) जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पटेल ने बताया कि मार्च 2023 में टेक्सास के एवरमैन शहर में अधिकारियों ने बच्चे की भलाई के लिए तलाशी अभियान चलाया था, क्योंकि अक्टूबर 2022 से उसे किसी ने जीवित नहीं देखा था। उस समय सिंह ने पुलिस को झूठी जानकारी दी और दो दिन बाद भारत के लिए उड़ान भर ली। तब से वह अमेरिका वापस नहीं लौटी थीं।
अक्टूबर 2023 में टैरंट काउंटी, फोर्ट वर्थ, टेक्सास की जिला अदालत ने सिंह के खिलाफ आरोप तय किए और नवंबर में उनके खिलाफ संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया।
एफबीआई निदेशक ने कहा,"यह पिछले सात महीनों में हमारी टॉप-10 सूची से गिरफ्तार चौथा फरार अपराधी है। यह हमारी टीम, स्थानीय पुलिस, इंटेलिजेंस एजेंसियों और भारत सहित अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के उत्कृष्ट प्रयासों का नतीजा है।"
सिंडी रोड्रिगेज़ सिंह की गिरफ्तारी पर सूचना देने वालों के लिए 25,000 अमेरिकी डॉलर तक का इनाम घोषित किया गया था। उनके संबंध भारत और मैक्सिको दोनों से बताए जाते हैं।
गौरतलब है कि उनका बेटा अक्टूबर 2022 से लापता था और अधिकारियों को आशंका है कि उसी समय उसकी हत्या कर दी गई थी।